News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

खाद्य सुरक्षा विभाग ने 100 किलो खराब मावा और गुलाब जामुन का पेस्ट कराया नष्ट

जयपुर, 25 अगस्त । ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को फुलेरा कस्बे में मिठाई प्रतिष्ठानों और कारखानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 100 किलो खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई और विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 नमूने जांच के लिए लिए गए।

सीएमएचओ द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि टीम ने मैसर्स राहुल मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां बाहर से मंगाए गए मावा से मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान मावा प्रथम दृष्टया घटिया और खट्टा पाया गया। टीम ने मावा का नमूना लिया और मौके पर ही मावा नष्ट करवा दिया। इसके अलावा मावा बर्फी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई मैसर्स शर्मा मिष्ठान भंडार के पिपली का बास स्थित मिठाई कारखाने में की गई। यहां गुलाब जामुन तैयार करने के लिए मावा और मैदा का करीब 50 किलो पेस्ट तैयार कर कोल्ड स्टोर में रखा हुआ था। जांच के दौरान पेस्ट खराब पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसका नमूना लेकर करीब 50 किलो पेस्ट मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा मिल्क केक और दूध के नमूने भी लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, राजेश नागर और ओमाशंकर शामिल रहे।

Leave a Reply