News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद भागीरथ सिंह को श्रद्धांजलि

धौलपुर, 14 फ़रवरी । पुलवामा में हुए आतंकी हमले की बरसी पर जिले के वीर सपूत शहीद भागीरथ सिंह को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी एवं जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान शहीद के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। जिला कलक्टर ने शहीद की वीरांगना एवं परिवारजनों से संवाद करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में शहीद परिवार के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने भी शहीद की वीरता को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने परिवारजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों का ढांढस बंधाया। कार्यक्रम के दौरान शहीद के परिजन जरदान सिंह, मानवाल सिंह, कोमल सिंह, पूर्व सैनिक परिषद सदस्य प्रणव मुखर्जी, हकीम सिंह त्यागी एवं गिर्राज सिंह त्यागी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

Leave a Reply