News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

इंदौर में एमबीए छात्रा हत्याकांड: आराेपी क्लासमेट पीयूष धनोतिया गिरफ्तार, 11 आपत्तिजनक वीडियो किए थे वायरल

इंदौर, 14 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के द्वारकापुरी इलाके में 24 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके क्लासमेट के कमरे में निर्वस्त्र हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और छात्रा के क्लासमेट पीयूष धनोतिया को शनिवार काे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होकर मुंबई पहुंच गया था, जहां वह रातभर मेट्रो में घूमता रहा।

रिश्ते से छुटकारा चाहता था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका रिलेशनशिप में थे। 8 सितंबर 2025 को दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में स्वीकार किया है कि छात्रा उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि उसका परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे छात्रा आरोपी के कमरे पर पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने कथित रूप से छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी।

वारदात के बाद भेजा सनसनीखेज मैसेज

हत्या के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया। रात करीब 11 बजे उसने छात्रा के मोबाइल से उसकी बहन को मैसेज भेजा—“पापा से कहना, अब वह घर नहीं लौटेगी।” यह संदेश मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। तलाश शुरू हुई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

11 आपत्तिजनक वीडियो किए वायरल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने छात्रा को बदनाम करने की नीयत से दोनों के निजी पलों के 11 आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज के आधिकारिक व्हॉट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिए। इतना ही नहीं, वीडियो सोशल मीडिया स्टेटस पर भी अपलोड किए गए और मोबाइल में सेव संपर्कों को भेजे गए, जिससे रिश्तेदारों और परिचितों में दहशत फैल गई।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली लोकेशन

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फरारी के दौरान नई सिम खरीदी थी। हालांकि तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई। मुंबई पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply