News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

पुलिस अधीक्षक ने तल्लीताल थाने का किया वार्षिक निरीक्षण

नैनीताल, 13 फ़रवरी । नैनीताल के पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने शुक्रवार को तल्लीताल थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने सलामी गार्द प्रस्तुत कर थाने के भवन, कर्मचारी बैरक और मालखाना आदि का निरीक्षण कराया। परिसर में साफ-सफाई और सलामी गार्द का टर्नआउट संतोषजनक पाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, परिसर और भोजनालय में स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने हेतु मेन्यू चार्ट तैयार करने को कहा। आपदा संबंधी उपकरणों की जांच कर उनके बेहतर रख-रखाव के निर्देश भी दिए।

थाने में तैनात पुलिस कर्मियों का शस्त्र अभ्यास कराया गया तथा आकस्मिक परिस्थितियों के लिए नियमित शस्त्राभ्यास जारी रखने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों की समीक्षा कर सभी प्रविष्टियां अद्यतन रखने और ऑनलाइन पोर्टल तथा सीसीटीएनएस पर डेटा अद्यावधिक करने को कहा। महिला हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माल मुकदमाती और मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित वाहनों की जांच कर न्यायालयी प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्र निस्तारण करने को कहा। एनडीपीएस से संबंधित माल के प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान किया। सभी कर्मियों को स्वच्छ वर्दी पहनने, नियमित व्यायाम करने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने को कहा गया।

नगर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और जनोन्मुख पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल सहित थाना तल्लीताल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply