News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

वागड़ क्षेत्र में 360 विराट हिंदू सम्मेलनों का समापन, छह लाख से अधिक लोगों की सहभागिता

डूंगरपुर, 13 फरवरी । वागड़ क्षेत्र में 20 दिनों तक चले 360 विराट हिंदू सम्मेलनों का अभियान 8 फरवरी को संपन्न हुआ। आयोजन बांसवाड़ा, सागवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के मंडल एवं बस्ती स्तर पर किए गए। आयोजकों के अनुसार कुल 6,56,907 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान 18 जनवरी से 8 फरवरी तक चला। इस अवधि में गांव-गांव और बस्ती स्तर तक संपर्क अभियान चलाया गया। आयोजकों ने बताया कि 4,57,482 परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया गया और पारंपरिक तरीके से पीले चावल देकर आमंत्रण दिया गया। सम्मेलनों की तैयारी के लिए 2000 से अधिक स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं। इनमें स्थानीय कार्यकर्ताओं, समाज प्रतिनिधियों और धर्माचार्यों ने भाग लिया। आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्था और जनसंपर्क रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजन के दौरान महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। आयोजकों के अनुसार 3,28,765 महिलाओं ने कलश यात्राओं में भाग लिया। इसके अतिरिक्त 4,585 शोभायात्राएं और 18,067 प्रभात फेरियां आयोजित की गईं। प्रचार-प्रसार के लिए 2,83,147 पत्रकों का वितरण किया गया तथा 8,954 कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारी निभाई। जिलावार विवरण के अनुसार बांसवाड़ा जिले में 136, सागवाड़ा में 122 और डूंगरपुर जिले में 107 स्थानों पर सम्मेलन आयोजित हुए। कार्यक्रमों में स्थानीय संत-महात्माओं और समाज प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

विभिन्न सत्रों में सामाजिक समरसता, परिवार संवाद, स्वदेशी के उपयोग, स्वभाषा के प्रचार और नागरिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर चर्चा की गई। परिवार प्रबोधन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन के बाद कई स्थानों पर स्थायी सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा बनाई गई है, जिनमें परिवार संवाद बैठकें, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वागड़ क्षेत्र का यह अभियान उसी क्रम का हिस्सा बताया गया है।

Leave a Reply