News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मध्य प्रदेश में सर्दी की विदाई के संकेत, ठंड का असर हुआ कम, 15 से अधिक शहरों में पारा 30 डिग्री के पार

भोपाल, 13 फरवरी । मध्य प्रदेश में अब सर्दी के विदाई के संकेत मिल रहे है। प्रदेश के 15 से ज्यादा शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि रात का पारा भी 10 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि अगले दो दिनों तक हल्की ठंड बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 16 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहे हैं। इनका प्रभाव पहाड़ी इलाकों में ज्यादा रहेगा, जबकि मध्य प्रदेश में इसका असर सीमित रहने की संभावना है। फिलहाल सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्के बादल देखे जा रहे हैं। बुधवार को कुछ जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा और गुरुवार को भी बादल छाने के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। ऐसे में हल्की सर्दी का एक छोटा दौर फिर देखने को मिल सकता है। पूर्वानुमान है कि 14 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रहेगा। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दिन में बादल छा सकते हैं। वहीं, 15 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा पड़ सकता है।

प्रदेश में शुक्रवार को धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर और सिवनी सहित 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, रात में नर्मदापुरम और सागर में तापमान 17 डिग्री या उससे अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। खजुराहो में 8.6 डिग्री, मंदसौर में 9.7 डिग्री, कटनी के करौंदी में 10 डिग्री, रीवा में 10.2 डिग्री और राजगढ़ में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर रहा।

Leave a Reply