सिरसा: युवती की हत्या कर युवक ने लगाई फांसी
सिरसा, 10 फ़रवरी । सिरसा शहर में किराये के मकान में रह रही युवती की उसके बॉयफ्रेंड द्वारा हत्या कर खुद सुसाइड करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान फतेहाबाद के रतिया निवासी सिमरन और जींद निवासी सुनील के रूप में हुई है।
युवती आर्केस्ट्रा में काम करती थी और युवक अक्सर उसके पास सिरसा आता था। बताया जा रहा है कि युवती के गले पर उंगलियों के निशान मिले हैं और उसका शव बेड पर पड़ा था जबकि युवक शव फर्श पर पड़ा था। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी जिस पर वे सिरसा पहुंचे।
सिमरन पिछले कुछ समय से शहर में किराये के मकान में रह रही थी।
सोमवार रात को सुनील सिमरन से मिलने सिरसा आया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात लेकर कहासुनी हुई। मंगलवार सुबह जब सिमरन कमरे से बाहर नहीं आई तो मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मकान मालिक ने धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। अंदर सिमरन का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि सुनील का शव फर्श पर पड़ा था और उसके गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। घटनास्थल से पुलिस को सिमरन और सुनील का फोन भी बरामद हुआ है। शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।