सूरजपुर : जयनगर के पीएम श्री सेजेस विद्यालय में बैगलेस डे का आयोजन
सूरजपुर, 07 फ़रवरी । जयनगर स्थित पीएम श्री सेजेस विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शनिवार काे बैगलेस डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं गतिविधि-आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
बैगलेस डे के अंतर्गत खेलकूद, कला एवं हस्तकला, समूह गतिविधियाँ, शैक्षणिक खेल, गीत-कविता सहित अन्य आनंददायक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बिना पुस्तकों के बोझ और पढ़ाई के तनाव से मुक्त रखते हुए सीखने की प्रक्रिया को रोचक एवं आनंदमय बनाने का प्रयास किया गया।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के रचनात्मक विकास एवं सीखने की रुचि बढ़ाने में सहायक होती हैं।