मऊ में भतीजे ने चाकू से गोदकर की चाचा की हत्या
मऊ, 07 फरवरी । उत्तर प्रदेश में जनपद मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को एक किशोर ने चाकू से गोदकर चाचा की हत्या कर दी। इस घटना में मृतक का सगा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात के बाद आरोपित फरार है।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि बोझी चौकी अंतर्गत खनतिया गांव निवासी रामभवन यादव (42) और उनके बड़े भाई विजयभान यादव (50) शुक्रवार की रात को घर पर साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में चचेरे भाई विजेंद्र यादव ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। जब विजयभान ने झगड़े का विरोध किया तो नशे में धुत विजेंद्र ने अपने 15 वर्षीय बेटे को मौके पर बुला लिया। विजेंद्र का बेटा हाथ में चाकू और लाठी-डंडा लेकर पहुंचा।
आरोप है कि उसने रामभवन यादव के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए और लाठी-डंडे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे रामभवन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इस हमले में रामभवन के भाई विजयभान यादव को भी गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए आजमगढ़ भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रामभवन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजयभान यादव का इलाज जारी है।