गुरुग्राम: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यकर्ताओं संग मनाया सीएम का जन्मदिन
गुरुग्राम, 25 जनवरी । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने गुरुग्राम महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बूथ नंबर-37 भौंडसी श्याम कुंज में जन्म दिन मनाया। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर मोहन लाल बड़ौली ने केक काटा। इस मौके बड़ौली समेत सभी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और मुख्यमंत्री के दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने नगाड़ा बजाया और कार्यकर्ताओं ने जमकर मुख्यमंत्री नायब सैनी जिंदाबाद के नारे लगाए तथा मिठाईयां बांटकर सीएम सैनी के जन्म दिन की खुशी मनाई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की राजनीति में सादगी और सेवा को नए मायने दिए हैं। सीएम सैनी ने राजनीति में कोई शॉटकट नहीं अपनाया, बल्कि वे मेहनत, समर्पण से एक कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा नॉन स्टॉप विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। बड़ौली ने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं और गरीब व्यक्ति को ध्यान में रखकर ही मुख्यमंत्री हर निर्णय लेते हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही सीएम सैनी ने 25 हजार युवाओं को नौकरी दी। एक लाख 20 हजार से अधिक कच्चे कर्मचारियों की नौकरियों को सुरक्षित किया। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा एक खुशहाल प्रदेश के रूप में विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कर्तव्यपरायणता सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणदायी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे मेहनत और समर्पण भाव से कार्य करें और पार्टी को और अधिक मजबूत करें। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव, जिला प्रभारी राजकुमार बोहरा, मन की बात कार्यक्रम के संयोजक हरविन्द्र कोहली, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला महामंत्री प्रदीप सैनी, जिला मीडिया प्रभारी नरेश कुमार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज, राजकुमार चौहान एवं मंडल अध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।