News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

पांच साल में एटीएम सुविधा नही दे पाया देश का सबसे बड़ा बैंक

हिस

Medium

HREG HHIM 388

Una SBI ATM closed

पांच साल में एटीएम सुविधा नही दे पाया देश का सबसे बड़ा बैंक

ऊना, 14 नवंबर । देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हरोली शाखा में एटीएम सुविधा न होना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन चुका है। वर्ष 2021 में शाखा के खुलने के साथ ही बैंक द्वारा एटीएम लगाने के लिए अलग से स्थान चिन्हित कर दिया गया था, लेकिन लगभग पाँच वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक एटीएम मशीन स्थापित नहीं हो पाई है।

स्थानीय निवासियों और बैंक ग्राहकों का कहना है कि एटीएम की सुविधा न होने के कारण उन्हें नकदी निकालने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों या अन्य बैंकों के एटीएम तक जाना पड़ता है। कई बार असहाय और बुजुर्ग लाइन में लगकर बैंक के भीतर ही पैसे निकालने को मजबूर होते हैं।

ग्राहकों का कहना है एटीएम की सुविधा न होना बैंक की गंभीर लापरवाही है। जब देशभर में डिजिटल सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है, ऐसे में मूलभूत भुगतान सेवाओं का उपलब्ध न होना बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। जबकि हरोली में अन्य सभी बैंकों के एटीएम स्थापित हैं।

हरोली बाजार की दुकानें और छोटे व्यापारी बताते हैं कि एटीएम न होने से देर शाम या छुट्टियों के समय ग्राहकों को नकद उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित होता है। कई लोग लास्ट-मिनट ट्रांजेक्शन न कर पाने के कारण खरीदारी टाल देते हैं।

जानकारी मुताबिक जब 2021 में SBI की शाखा शुरू हुई थी, उसी समय बैंक ने एटीएम स्थापना के लिए बिल्डिंग के साथ अलग से कमरा तैयार किया था। लेकिन स्थान तैयार होने के बावजूद मशीन की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बैंक के ध्यान में लाए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्राहकों ने मांग की है कि बैंक प्रबंधन तत्काल कदम उठाकर एटीएम मशीन की स्थापना सुनिश्चित करे, ताकि सामान्य जनता को राहत मिल सके। वहीं इस संबंध में एसबीआई बैंक हरोली की प्रबंधक प्रियंका जैन का कहना है कि अभी तक एटीएम मशीन आई ही नही है तो हम कैसे लगवा सकते हैं। इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।

Leave a Reply