उपायुक्त ने मतगणना कार्य को पारदर्शिता के साथ करने का दिया निर्देश
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की जानी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक मतगणना टेबल पर प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, पर्यवेक्षकों और सहायक अधिकारियों की उपस्थिति, मतगणना की वीडियोग्राफी व्यवस्था तथा नियंत्रण कक्ष से सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
वहीं एसएसपी पीयूष पांडेय ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर स्थित मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पूरे परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किया जाएगा। ताकि मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो।
बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला सुनील चन्द्र, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।