घटिया सड़क निर्माण में ठेकेदार पर लगा 50 हजार जुर्माना, अभियंता को नोटिस
आईजीआरएस पोर्टल पर एक शिकायतकर्ता ने इस सड़क निर्माण कार्य को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में नगर निगम के निर्माण विभाग के अवर अभियंता वीर प्रताप पटेल ने रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, लेकिन जब नगर निगम की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया तो उनकी रिपोर्ट गलत पाई गई।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार मेसर्स गर्व कॉन्ट्रेक्टर पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं अवर अभियंता वीर प्रताप पटेल पर बिना स्थलीय जांच किए रिपोर्ट प्रस्तुत करने और कार्य में सुधार न कराने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।