News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पुलिस के एंटी क्राइम अभियान में दो बाइक चोर गिरफ्तार

पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों के जरिए चोरी और लूटपाट में शामिल दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरहरगुटु, बरौदाघाट बागबेड़ा निवासी अंकित यादव (19) और बलदेव बस्ती, जुगसलाई निवासी सागरनाथ (20) के रूप में हुई है।

घटना रविवार देर रात करीब 10.45 बजे की है, जब जेआरडी टाटा मेन गेट के पास मोदी पार्क के पीछे रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में दो युवकों को दो अलग-अलग स्प्लेंडर प्लस बाइक के साथ पकड़ा। इनमें से एक बाइक ग्रे-काले रंग की बिना नंबर प्लेट थी, जबकि दूसरी पर जेएच 05 बीएम 5662 नंबर दर्ज था।

पुलिस जांच और दस्तावेजों के सत्यापन में दोनों बाइक के चोरी की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

बताया गया कि हाल के दिनों में शहर में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों से चोरी और छिनतई की घटनाओं में इजाफा हो रहा था। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया था। टीम ने पूरे शहर में सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्रवाई सफल रही।

फिलहाल दोनों अभियुक्तों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और चोरी की गई अन्य बाइकें कहां छिपाई गई हैं।

Leave a Reply