हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी, माइनस में पारा, येलो अलर्ट
राज्य के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं ने दिसंबर-जनवरी जैसी सर्दी का अहसास करा दिया है। शिमला सहित मध्य व मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। सिरमौर के पच्छाद में सबसे अधिक 59 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जतौन बेरेज में 58, कुकुमसेरी में 56, कोठी में 54, कंडाघाट में 43, कसौली में 42, नाहन में 41 और जोत में 38 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है।
लाहौल-स्पीति में गोंदला में 26 सेंटीमीटर, केलंग में 20 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 6 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह, दारचा-शिंकुला, कोकसर-काजा और डोडरा-क्वार सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। हालांकि अटल टनल रोहतांग के जरिये मनाली से केलंग तक यातायात सुचारू बना हुआ है। लाहौल घाटी में बर्फबारी से कई पर्यटक वाहन फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय प्रशासन की मदद से निकाला गया।
चंबा जिले में दूसरे दिन भी बारिश और हिमपात जारी रहा। पांगी घाटी के किलाड़ में लगभग 4 इंच और ऊंचे इलाकों में 8 इंच तक बर्फबारी हुई है। इससे घाटी को जोड़ने वाले सभी सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश और ठंड से पूरे जिले में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
मंडी जिले में बीती रात से बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। बेमौसमी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में किसानों की मक्की और पशुओं के चारे की फसलें खराब हो रही हैं। दो दिनों से खेतों तक नहीं पहुंच पाने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और कांगड़ा में भी सुबह से झमाझम बारिश जारी है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे प्रदेश में बारिश और तूफान के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि 8 और 9 अक्तूबर को भी मौसम खराब रहेगा, हालांकि इन दिनों कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 10 से 13 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। मनाली और शिमला का तापमान क्रमशः सामान्य से 3 और 2.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। नारकण्डा में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, डलहौजी में 6 डिग्री, मनाली में 6.1 डिग्री, रिकांगपिओ में 6.3 डिग्री, कुफ़री में 6.7 डिग्री व शिमला में 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस बेमौसमी बर्फबारी और बारिश ने अक्टूबर महीने में ही हिमाचल को ठिठुरन भरी सर्दी में पहुंचा दिया है।