News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

दीपावली में वोकल फॉर लोकल के संकल्प को अपनी जीवनशैली बनाएं : मोहित

दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। मिठाइयों की दुकानों से लेकर सजावटी सामग्री की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। इसी बीच मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सह सचिव मोहित सुल्तानियां ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस दीपावली पर सभी लोग स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। साथ ही वोकल फॉर लोकल के संकल्प को अपनी जीवनशैली बनाएं।

सुल्तानिया ने कहा कि इस बार लोगों को चीनी झालरों की जगह मिट्टी के दीयों को अपनाना चाहिए। मिट्टी के दीये न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि स्थानीय कुम्हारों की जीविका से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, “जब आप एक मिट्टी का दीया खरीदते हैं, आप सिर्फ दीया नहीं एक परिवार की उम्मीद खरीदते हैं।

सुल्तानियां ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दीपावली और धनतेरस के अवसर पर बड़ी-बड़ी ऑनलाइन कंपनियों से खरीदारी का चलन तेजी से बढ़ जाता है, जिससे स्थानीय दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा, आपका पड़ोस का दुकानदार कल आपका मददगार भी हो सकता है। इस दीपावली पर अपने मोहल्ले की दुकानों से खरीदारी कर न केवल बाजार को, बल्कि रिश्तों को भी जीवंत बनाएं।

सुल्तानियां ने आगे कहा कि दीपावली का यह पर्व आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक छोटा, लेकिन सशक्त कदम साबित हो सकता है। आइए, इस बार एक ऐसा दीप जलाएं जो किसी के जीवन में उजाला बन जाए।

Leave a Reply