News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

गुना : सेना के सम्मान में लहराया तिरंगा

गुना : सेना के सम्मान में लहराया तिरंगा

गुुुना, 26 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता एवं भारतीय सेना के सम्मान में मंडल स्तर पर निकाली जा रहीं तिरंगा यात्रा के क्रम में सोमवार को कैन्ट मंडल में यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक कार्यक्रम के तहत निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। पूरी यात्रा के दौरान तिरंगा लहराया जाता रहा और देशभक्ति से परिपूर्ण नारे लगते रहे। जिसका राष्ट्रवाद का वातावरण बना रहा। लोग स्वप्रेरित होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उनके हाथों में तिरंगा लहराने के साथ ही पहलगाम हमले एवं ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े संदेश लिखीं तख्तियां भी थीं। तख्तियों में भारतीय सेना के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया गया था।

इन मार्गों से निकली यात्रा

तिरंगा यात्रा केंट क्षेत्र की सब्जी मंडी से शुरु होकर सदर बाजार, केंट चौराहा, खेजरा रोड, डोगर पूरा सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली। तिरंगा यात्रा में सैनिकों की ड्रेस में बच्चे आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। रथ में भारत माता की झांकी की चित्ताकर्षक रही। भारत माता के जयकारे एवं वंदे मातरम के नारों के साथ निकली इस तिरंगा यात्रा में सर्व समाज के नागरिकों, बच्चों ओर महिलाओं ने उत्साह से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। तिरंगा यात्रा का समापन भगवान संकट मोचन हनुमान मंदिर पर हुआ। इस दौरान भारत माता की आरती के साथ राष्ट्रगान किया गया।

दुनिया ने माना भारत की शक्ति का लोहा : सिकरवार

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ऊपरी बाजार स्थित सब्जी मंडी से भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने हाथों में तिरंगा लहराकर किया। इस दौरान सिकरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने न सिर्फ पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लिया है, बल्कि पूरी दुनिया में भारत की शक्ति का लोहा भी मनवा दिया है। सिकरवार के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर की सफलता एवं भारतीय सेना के पराक्रम को लेकर आमजन में जबरदस्त उत्साह है और वह इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञ है। यहीं कारण है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक कार्यक्रम के तहत निकाली जा रहीं तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में आमजन की स्वप्रेरित उपस्थिति दर्ज हो रही है।

—————

Leave a Reply