News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सिरसा: हथियारों के बल पर फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

सिरसा, 16 अप्रैल । स्थानीय पुलिस ने हथियारों के बल पर फिरौती मांगने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल भी बरामद किया। डीएसपी अर्शदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी अमनदीप, मनप्रीत व सोनल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि वह कंगनपुर फाटक के नजदीक होटल में काम करता है।

बीती रात जब वह होटल को बंद करने के लिए बाहर आया तो तीन युवक खड़े थे जिन्होंने उसके साथ मारपीट की और बंदूक तान कर कहा कि यह हमारा इलाका है यदि आपको होटल चलाना है तो दो लाख रुपए देने पड़ेंगे और नहीं दिए तो जान से हाथ धो बैठेगा। वह किसी तरह बचकर वहां से भागा और पुलिस को शिकायत दी। मामला जैसे ही एसपी दीपक सहारण के संज्ञान में आया उन्होंने सिविल लाइन थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फिरौती मांगने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बाइक व स्कूटी एक पिस्तौल बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply