News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Delhi

अलीरेजा फिरोजा ने जीता टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट का खिताब, गिरि को मिला दूसरा स्थान

बुडापेस्ट, 21 नवंबर ।अलीरेजा फिरोजा ने शुक्रवार को आर्मागेडन मुकाबले में अनिश गिरि के खिलाफ ड्रॉ खेलकर टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट का खिताब जीत लिया। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में फिरोजा ने दूसरे दिन 12-8 से जीत दर्ज कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया था। इससे पहले गुरुवार को गिरि ने पहला दिन 11-9 से अपने नाम किया था।

फाइनल के विजेता का फैसला आर्मागेडन मुकाबले से हुआ। इसमें गिरि ने सफेद और फिरोजा ने काले मोहरों से खेला। 35 चालों के बाद मुकाबला ड्रॉ रहा। आर्मागेडन में काले मोहरों से खेलने वाले खिलाड़ी को ड्रॉ की स्थिति में विजेता घोषित किया जाता है। इसी नियम के आधार पर फिरोजा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि गिरि को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

फाइनल के दूसरे दिन ब्लिट्ज के चारों मुकाबलों में निर्णायक परिणाम निकले। गिरि ने सफेद मोहरों से पहला मुकाबला जीता, लेकिन फिरोजा ने लगातार दो जीत दर्ज कर वापसी की। चौथा मुकाबला गिरि ने काले मोहरों से जीतकर ब्लिट्ज का स्कोर 2-2 कर दिया।

इसके बाद रैपिड के पहले मुकाबले में फिरोजा ने काले मोहरों से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा। इससे फिरोजा को 8-4 की बढ़त मिल गई। फास्ट क्लासिकल मुकाबले में गिरि को खिताब जीतने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत थी, लेकिन यह मुकाबला ड्रॉ रहा। इस तरह फिरोजा ने दिन का स्कोर 12-8 से अपने पक्ष में किया और मुकाबला आर्मागेडन तक पहुंच गया।

फैबियानो कारुआना ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। वाचियर-लाग्रेव ने ब्लिट्ज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर 3.5-0.5 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, कारुआना ने रैपिड का पहला मुकाबला जीतकर वापसी की और दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा। फास्ट क्लासिकल मुकाबला भी ड्रॉ रहा। इस तरह कारुआना ने शुक्रवार का मुकाबला 10.5-9.5 से जीत लिया। वह गुरुवार को भी 11-9 से जीते थे। लगातार दो दिन की जीत के साथ उन्होंने तीसरा स्थान पक्का किया, जबकि वाचियर-लाग्रेव चौथे स्थान पर रहे।

मैग्नस कार्लसन ने व्लादिस्लाव आर्टेमिएव को आर्मागेडन में हराकर 17वां स्थान हासिल किया। शुक्रवार को आर्टेमिएव ने 15.5-4.5 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबर किया था। इसके बाद आर्मागेडन में कार्लसन ने काले मोहरों से जीत हासिल की। आर्टेमिएव 18वें स्थान पर रहे।

रिचर्ड रैपोर्ट ने जॉर्डन वान फॉरेस्ट को आर्मागेडन में हराकर 11वां स्थान हासिल किया। वान फॉरेस्ट ने दूसरे दिन 12-8 से जीतकर मुकाबला बराबर किया था। आर्मागेडन में रैपोर्ट ने 32 चालों में जीत दर्ज की। वान फॉरेस्ट 12वें स्थान पर रहे।

हैंस मोके नीमन ने जान-क्रिजस्टोफ डूडा को आर्मागेडन में हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। इयान नेपोमनियाची ने लियेम ले को आर्मागेडन में हराकर सातवां स्थान प्राप्त किया। वेस्ली सो ने लेवोन एरोनियन के खिलाफ आर्मागेडन मुकाबला ड्रॉ खेलकर 13वां स्थान हासिल किया।

हाइक मार्टिरोसियन ने अर्जुन एरिगैसी को हराकर नौवां स्थान हासिल किया। विन्सेंट कीमर 15वें और शखरियार मामेदयारोव 16वें स्थान पर रहे। एंड्रयू होंग ने बिबिसारा असौबायेवा को पीछे छोड़कर 19वां स्थान हासिल किया।

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने अभिमन्यु मिश्रा को हराकर 21वां स्थान हासिल किया। उन्होंने दूसरे दिन 15-5 से जीत दर्ज की। वहीं, नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने वैशाली रमेशबाबू के खिलाफ सभी सातों मुकाबले जीतकर 20-0 से शानदार जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के साथ अब्दुसत्तोरोव 23वें और वैशाली 24वें स्थान पर रहीं।

Leave a Reply