News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
MP

डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से 54,500 रुपये ठगने वाला आरोपित कानपुर से गिरफ्तार

पन्ना, 21 नवंबर । मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में डिजिटल अरेस्ट और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर महिला से 54 हजार 500 रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने खुद को भोपाल क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर महिला को उसके पति के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की पूरी रकम बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, टिकुरिया बस्ती पन्ना निवासी शिवानी अहिरवार ने 31 अक्टूबर 2025 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को भोपाल क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। आरोपित ने कार्रवाई से बचाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की और महिला को धमकाया।

डर के कारण महिला ने आरोपित के बताए अनुसार फोन-पे के माध्यम से दो बार में 36 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद व्हाट्सएप पर भेजे गए क्यूआर कोड के जरिए 18 हजार रुपये और भेज दिए। इस तरह आरोपित ने महिला से कुल 54 हजार 500 रुपये की ऑनलाइन ठगी की।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी का सुराग उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में मिला।

इसके बाद पन्ना पुलिस की टीम कानपुर रवाना हुई और थाना चौबेपुर क्षेत्र के ग्राम त्रिलोकपुर निवासी 18 वर्षीय अभिषेक कठेरिया को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की पूरी राशि 54 हजार 500 रुपये बरामद कर ली।

Leave a Reply