News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान पर भाजपा ने उठाए सवाल

पश्चिमी सिंहभूम, 20 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव से झामुमो विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान दिए जाने को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि चार बार विधायक रहने के बावजूद मझगांव विधानसभा क्षेत्र आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के मामले में अपेक्षित विकास से वंचित है। ऐसे में उत्कृष्ट विधायक सम्मान का आधार क्या रहा, यह जनता के लिए समझ से परे है।

भूषण पाट पिंगुआ ने कहा कि मझगांव क्षेत्र में अब तक कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हो सका है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवा दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई गांवों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे ही रह गए हैं। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए सीमित विकल्प हैं और बेहतर इलाज के लिए भी पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर चार कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कौन-कौन से बड़े काम किए गए, जिनके आधार पर उत्कृष्ट विधायक का सम्मान दिया गया।

उन्होंने इचा-खरकई डैम परियोजना को लेकर भी विधायक की भूमिका पर सवाल उठाया। भाजपा नेता ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना के कारण कुजू सहित आसपास के 86 गांवों के लोगों का भविष्य लंबे समय से अनिश्चितता में है। लोग जमीन, मकान और विस्थापन को लेकर असमंजस में हैं। यदि परियोजना पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, तो प्रभावित क्षेत्र की जमीन को लेकर विकास कार्यों की बाधाएं दूर करने के लिए ठोस पहल क्यों नहीं की गई।

भूषण पाट पिंगुआ ने कहा कि क्षेत्र में पलायन और विस्थापन के कारण आदिवासी-मूलवासी परिवार अपने पुश्तैनी गांवों से दूर हो रहे हैं। उन्होंने एसआईआर के दौरान प्रभावित गांवों के मतदाताओं के नामों में हुई कथित कटौती और इसके कारणों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बड़ा तोरलो डैम का उदाहरण देते हुए कहा कि पुरानी सिंचाई परियोजना भी किसानों को उसकी पूरी क्षमता के अनुरूप लाभ नहीं पहुंचा पा रही है। ऐसे में किसानों को पर्याप्त सिंचाई और युवाओं को रोजगार कब मिलेगा, इसका जवाब जनता चाहती है।

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट विधायक सम्मान केवल राजनीतिक पहचान का विषय नहीं, बल्कि जनता के बीच किए गए कार्यों का मूल्यांकन भी होना चाहिए। चार कार्यकाल के बाद भी यदि मझगांव शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है, तो सम्मान का आधार सार्वजनिक किया जाना चाहिए। जनता अपने विधायक के चारों कार्यकाल के विकास कार्यों का पूरा हिसाब जानना चाहती है।

Leave a Reply