झूठे दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज कराने वाले गिरोह का खुलासा, आरोपित महिला गिरफ्तार
बिजनौर, 01 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की नजीबाबाद थाना पुलिस ने महिलाओं के माध्यम से लोगों को झूठे दुष्कर्म के मुकदमों में फंसाकर धन उगाही करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपित जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर अवैध धन वसूलने का प्रयास करता था। उनमें से एक आरोपित महिला शहाना को पुलिस ने गुरुवार काे गिरफ्तार किया है।
पुलिस को प्राप्त तहरीरों के आधार पर थाना नजीबाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। विवेचना के दौरान सामने आया कि गिरोह के सदस्य आपस में संपर्क में रहकर अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ झूठे बलात्कार के मुकदमे दर्ज कराने की योजना बनाते थे। इसके लिए महिलाओं के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था। घटनाक्रम तैयार कर पुलिस को सूचना देने के बाद न्यायालय में मुकदमे दर्ज कराने की कार्रवाई की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य मुकदमों में समझौता कराने के नाम पर पीड़ित पक्ष से धनराशि की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें और अधिक गंभीर धाराओं में फंसाने की धमकी दिए जाने की बात भी विवेचना में सामने आई है। आरोपितों द्वारा फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर पहचान बदलने और झूठे मुकदमों में सहयोग लेने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े 14 आरोपितों को चिन्हित किया। उनमें से अधिकांश के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने शहाना पत्नी शहजाद, निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर को भी गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधीक्षक के. के. विश्नोई के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपित जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। विवेचना के दौरान आरोपिताें के बीच संपर्क, आपसी समन्वय और मुकदमों के माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त करने के प्रयासों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं विवेचना की जा रही है।