सजधज कर तैयार होगा आरपीए का परेड ग्राउंड: सोमवार को नव-प्रशिक्षित कांस्टेबलों का दीक्षांत समारोह
जयपुर, 01 अक्टूबर । राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) का परेड ग्राउंड सोमवार 5 अक्टूबर 2026 को नव-प्रशिक्षित कांस्टेबलों के बैच संख्या-102 के दीक्षांत परेड समारोह का साक्षी बनेगा। सुबह 8 बजे होने वाले समारोह में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे और प्रशिक्षण पूरा कर चुके जवानों को देश सेवा तथा संविधान की रक्षा की शपथ दिलाएंगे।अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एवं राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्ज़ारी के दिशा-निर्देशन में समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उप निदेशक एवं प्राचार्य रामस्वरूप शर्मा को पूरे दीक्षांत समारोह का ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है।
दीक्षांत परेड को लेकर आरपीए में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल शनिवार 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे आयोजित होगी। अधिकारियों को समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एवं राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्ज़ारी के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ दीक्षांत परेड की शुरुआत होगी। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज और पुलिस कलर पार्टी को अभिवादन किया जाएगा। नव-प्रशिक्षित कांस्टेबल देश सेवा और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे।
इसके बाद मार्च पास्ट और पारितोषिक वितरण का कार्यक्रम होगा। समारोह में मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। अंत में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।
परेड ग्राउंड के पीछे अस्थायी किले का निर्माण, मंच संचालन, परेड ग्राउंड की सजावट और सेल्यूटिंग बेस सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। अकादमी प्रशासन ने समारोह को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।