कैंची धाम में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नैनीताल, 04 अक्टूबर । कैंची धाम, नैनीताल और भवाली क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव के बीच रविवार को पुलिस ने व्यापक स्तर पर यातायात प्रबंधन किया। पुलिस के अनुसार, सुबह से दोपहर तक 15 हजार से अधिक श्रद्धालु कैंची धाम में दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं को शटल बसों और टैक्सियों के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाने के साथ दर्शन के बाद लगातार सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा था। पुलिस ने दावा किया कि शटल और डायवर्जन व्यवस्था के चलते कहीं भी जाम अथवा भीड़ से संबंधित परेशानी की सूचना नहीं मिली।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नैनीताल के पुलिस अधीक्षक-अपराध एवं यातायात डॉ. दिनेश चंद्रा के साथ एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी संचार नैनीताल, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, सीपीयू, चौकी प्रभारी, कार्यालय प्रभारी और पीएसी सहित पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान सड़कों पर तैनात रहे। प्रमुख स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों ने वाहनों की आवाजाही की निगरानी की। पुलिस के अनुसार, निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल बसों और टैक्सियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाया गया तथा दर्शन के बाद उनकी निकासी भी लगातार कराई गई।
पुलिस ने अल्मोड़ा और गरमपानी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए खैरना-क्वारब-तल्ला रामगढ़-भवाली चौराहा मार्ग से डायवर्जन लागू किया। अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की लगातार निकासी से मंदिर क्षेत्र में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिली। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की।
इधर, कैंची धाम, नैनीताल और भवाली में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी और काठगोदाम के टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों तथा वाहन संचालकों के साथ बैठक की गई। एसपी सिटी हल्द्वानी के निर्देशन में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी, कोतवाली हल्द्वानी और कोतवाली काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षकों ने बैठक कर दिन की निकासी और डायवर्जन योजना की जानकारी दी।
बैठक में वाहन चालकों को बताया गया कि निर्धारित यातायात योजना के तहत पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को नैनीताल मार्ग से आगे जाने की अनुमति शाम 3रू30 बजे तक ही होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने टैक्सी संचालकों और चालकों को अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रूप से खड़े करने, सड़क पर बेतरतीब पार्किंग नहीं करने और यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
