News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Haryana

गुरुग्राम: स्वच्छता केवल अभियान नहीं, समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी: सर्वप्रिय त्यागी

गुरुग्राम, 04 अक्टूबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने रविवार को शिकोहपुर स्थित सिद्धार्थ तीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर में पहुंचकर श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्यों में योगदान देते हुए स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि स्वच्छता और सेवा केवल कोई अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और सेवा कार्यों में योगदान देने का संकल्प लेता है, तभी सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनसेवा को संगठनात्मक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़े होकर सेवा कार्यों में निरंतर सहभागिता कर रहे हैं। इसके उपरांत सर्वप्रिय त्यागी ने गौशाला पहुंचकर गौसेवा का भी सौभाग्य प्राप्त किया। उन्होंने गौमाता की सेवा करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गौसेवा को सेवा, करुणा और संवेदनशीलता का प्रतीक माना गया है। समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply