News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Himachal Pradesh

लोकतंत्र बचाने का ढोंग करने कर रही भाजपा : मल्ली

धर्मशाला, 30 अक्टूबर । प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने धर्मशाला में शुक्रवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को ढोंग करार दिया है। उन्होंने भाजपा की यह पदयात्रा केवल आम लोगों को भ्रमित करने वाली है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाना अराजकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र में नागरिकों के अधिकारों के प्रति जिम्मेदारी है।

शुक्रवार को भाजपा की पदयात्रा को लेकर पलटवार करते हुए उन्होंने एक प्रेस बयान में कहा कि भाजपा लोकतंत्र बचाने के नारे लगा रही है, लेकिन उसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण मतदाता के मताधिकार की रक्षा की गारंटी कौन देगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल रैलियों, नारों और राजनीतिक भाषणों से नहीं बचता, बल्कि निष्पक्ष चुनाव, स्वतंत्र संस्थाओं, पारदर्शी प्रक्रियाओं और प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट के अधिकार की सुरक्षा से मजबूत होता है।

मल्ली ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने या फर्जी प्रविष्टियों को हटाने के खिलाफ नहीं है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निर्धारित कानूनी प्रक्रिया, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। उन्होंने भाजपा से पूछा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से बाहर हो जाता है, तो उसे अपना मताधिकार वापस दिलाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? गरीब, बुजुर्ग, प्रवासी श्रमिक और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दस्तावेजों या प्रक्रिया से जुड़ी परेशानियां आती हैं, तो उनके लिए क्या ठोस व्यवस्था होगी?

मल्ली ने कहा कि भाजपा सांसद, विधायक व अन्य नेता जनता को नारे सुनाने के बजाय महंगाई, बेरोजगारी, ग्रामीण समस्याओं और आम लोगों के सवालों पर भी अपनी जवाबदेही तय करें। लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सवाल पूछना है और सरकार तथा संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी उन सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना है।

Leave a Reply