दुर्गा पूजा और रामलीला से पहले मंदिरों का होगा कायाकल्प, महापौर ने दिए निर्देश
अयोध्या, 10 अक्टूबर । दुर्गा पूजा और रामलीला के मद्देनजर अयोध्या नगर निगम प्रमुख देवी मंदिरों और रामलीला स्थलों पर सफाई, प्रकाश और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त करेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने शनिवार को नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने बड़ी देवकाली मंदिर में तालाब के फुटपाथ और श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग की सफाई, काई हटाने, चूने का छिड़काव और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। मंदिर के सामने गली में गंदा पानी बहने और निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। फतेहगंज मार्ग पर भी अधूरी नाली मिलने पर नगर आयुक्त को रास्ता आवागमन योग्य बनाने को कहा।
वजीरगंज रामलीला मैदान में निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय लोगों की मांग पर वाटर कूलर और हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए। छावनी जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सड़क ऊंची करने का एस्टीमेट तैयार कराने को कहा।
हैदरगंज मार्ग पर नाले के निरीक्षण के दौरान महापौर ने किनारे मिट्टी की पटाई और क्षतिग्रस्त गली की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों से गली खराब होने की शिकायत की थी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाटेश्वरी मंदिर परिसर में लाइटिंग, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कुंड के सौंदर्यीकरण की बात भी कही। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के अनुसार, महापौर ने मछली मंडी में साइन बोर्ड लगाने, पेयजल उपलब्ध कराने और शौचालय निर्माण के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव और सुबोध चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
