News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Uttarakhand

सिरासू बनेगा पर्यटन केंद्र, राफ्टिंग-बोटिंग से लेकर होमस्टे तक की तैयारी

पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर ।यमकेश्वर का सिरासू क्षेत्र पर्यटन के साथ स्वरोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां वाटर पार्क, चिल्ड्रन पार्क, कॉटेज और दुकानों के निर्माण के साथ राफ्टिंग व बोटिंग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। वहीं, स्थानीय युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर पर्यटन से जुड़े रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेजी जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने सिरासू का भ्रमण कर प्रस्तावित पर्यटन सुविधाओं और स्वरोजगार की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क में आकर्षक झूले और सेल्फी पॉइंट विकसित करने के साथ बिजली और शौचालय की व्यवस्था के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए टिहरी प्रशासन से समन्वय स्थापित करने को कहा। पार्क का विकास ग्राम पंचायत और बच्चों के खेल मैदान का निर्माण ग्राम पंचायत व मनरेगा के माध्यम से कराया जाएगा।

सिरासू में राफ्टिंग और बोटिंग की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को संभावित स्थलों का सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बोटिंग के लिए संबंधित क्षेत्र का चिन्हीकरण करने और दुकानों के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण संबंधी प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन गतिविधियों को शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उनकी प्रशिक्षण संबंधी जरूरतें जानीं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को नवंबर से फोटोग्राफी, कैटरिंग और मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों को रोजगार दिलाने के लिए होटल संचालकों और फोटोग्राफरों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में होमस्टे और ब्यूटी पार्लर खोलने के प्रस्ताव भी रखे। इस पर जिलाधिकारी ने इच्छुक लोगों को होमस्टे के लिए प्रोत्साहित करते हुए उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण करने और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लोगों से 10 नवंबर से पहले होमस्टे के लिए आवेदन करने को कहा। क्षेत्र में कैंटीन विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

सिरासू ग्राम पंचायत ने गांव को प्री-वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। हालांकि, प्री-वेडिंग शूट के लिए आने वाले लोग रात में यहां नहीं ठहरते हैं। ऐसे में पर्यटकों के रात्रि प्रवास की सुविधा विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि होमस्टे, कैंटीन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ सके।

जिलाधिकारी ने पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बंदरों के आतंक की समस्या भी उठाई, जिस पर उन्होंने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शांति निकेतन का भ्रमण कर वहां मौजूद पर्यटकों से भी बातचीत की और क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान ग्राम प्रधान पवित्रा देवी, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, तहसीलदार वैभव जोशी, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, एडीओ पंचायत आदेश सैनी, प्रीतम सिंह राणा और कानूनगो सत्यपाल चौहान सहित संबंधित अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply