News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Sports

सेल आईएसपी के कुंतल दास ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया तिरंगा, पावरलिफ्टिंग में जीते स्वर्ण-रजत पदक

पश्चिम बर्दवान, 20 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सेल के आईएसपी बर्नपुर संयंत्र में कार्यरत पावरलिफ्टर कुंतल दास ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और सेल-आईएसपी का नाम रोशन किया है। कनाडा के विनिपेग में 17 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रमंडल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कुंतल दास ने 120 किलो से अधिक भार वर्ग के मास्टर्स-1 वर्ग में स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किया।

कुंतल दास ने उपकरणयुक्त बेंच प्रेस स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने प्रतियोगिता की एक अन्य बेंच प्रेस स्पर्धा में रजत पदक जीतकर वर्ष 2026 के अपने राष्ट्रमंडल अभियान का शानदार समापन किया।

मैनिटोबा प्रांत की राजधानी विनिपेग में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के शीर्ष पावरलिफ्टरों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग भार वर्ग निर्धारित किए गए थे। वरिष्ठ, युवा और मास्टर्स वर्ग में पारंपरिक बेंच प्रेस तथा उपकरणयुक्त बेंच प्रेस सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। 120 किलो से अधिक भार वर्ग पावरलिफ्टिंग की कठिनतम श्रेणियों में शामिल माना जाता है। इस वर्ग में कुंतल दास के प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय दल के प्रमुख खिलाड़ियों में स्थान दिलाया। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से भारत के लिए पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया।

कुंतल दास का अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग में इससे पहले भी शानदार रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2025 में जापान में आयोजित एशिया-प्रशांत-अफ्रीका पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 120 किलो से अधिक भार वर्ग के मास्टर्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने बेंच प्रेस की विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ 170 किलो वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था।

कुंतल दास सेल के आईएसपी बर्नपुर संयंत्र के कोक ओवन एवं कोयला रसायन विभाग से जुड़े हुए हैं। संयंत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनकी उपलब्धि को खास बनाता है। उनकी इस सफलता से सेल आईएसपी के अधिकारियों, कर्मचारियों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर यह दिखाया है कि औद्योगिक क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के साथ खेल के क्षेत्र में भी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया जा सकता है।

विनिपेग में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर कुंतल दास ने वर्ष 2026 के अपने राष्ट्रमंडल अभियान का शानदार समापन किया। उनकी इस सफलता से बर्नपुर और सेल आईएसपी का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है।————–

Leave a Reply