युवा शक्ति को कौशल और ज्ञान से सशक्त बनाना समय की जरूरत : प्रो. हरिकेश सिंह
मीरजापुर, 23 सितंबर । मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में बुधवार को ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के आलोक में युवा विकास, कौशल संवर्धन एवं व्यक्तित्व निर्माण’ विषय पर विशिष्ट व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता पूर्व कुलपति जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा, बिहार प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें ज्ञान के साथ कौशल और जिम्मेदारी से जोड़ना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। बदलती परिस्थितियों में विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, अनुशासन और रचनात्मकता पर भी ध्यान देना चाहिए। अपनी क्षमताओं को पहचानकर उनका लगातार विकास करना जरूरी है।
कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने प्रो. हरिकेश सिंह का स्वागत करते हुए उनके शैक्षिक एवं प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कुलसचिव राम नरायन ने आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
हरियाली के साथ भविष्य संवारने का संदेश
व्याख्यान के बाद विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण नहीं बचाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा के केंद्र के साथ स्वच्छ और हरित परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।