News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

ब्राजील दौरे पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष, रियो के कार्यवाहक गवर्नर से की मुलाकात

नई दिल्ली, 23 सितंबर । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को ब्राजील के अध्ययन दौरे के दौरान रियो डी जेनेरियो के न्यायालय के अध्यक्ष कार्यालय में रियो डी जेनेरियो राज्य के कार्यवाहक गवर्नर एवं अपीलीय न्यायाधीश रिकार्डो कौटो डी कास्त्रो से मुलाकात की। बैठक के दौरान भारत और ब्राजील के बीच संस्थागत जुड़ाव को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों ने लोकतांत्रिक शासन, सार्वजनिक संस्थानों तथा आपसी हित के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई।

विजेंद्र गुप्ता ने बैठक के दौरान लोकतांत्रिक संस्थानों के बीच निरंतर संवाद तथा अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के अधिकाधिक आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील प्रमुख लोकतांत्रिक देश हैं और विभिन्न स्तरों पर संस्थागत सहयोग को और गहरा करने तथा आपसी संवाद के माध्यमों को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं।

यह बैठक भारत-ब्राजील संबंधों के व्यापक परिप्रेक्ष्य में उप-राष्ट्रीय एवं संस्थागत स्तर पर आदान-प्रदान के बढ़ते महत्व को भी दर्शाती है।

Leave a Reply