एडीम एकता काप्टा ने राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का किया विधिवत शुभारम्भ
नाहन, 23 सितंबर । अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने जिला सिरमौर के सराहां में आज से आरम्भ हुए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने भगवान श्री वामन देव की विधिवत पूचा अर्चना करने के उपरान्त वामन देव की पालकी को कंधा देते हुए मंदिर से खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय, नए बस स्टैड तक शोभा यात्रा में भाग लिया।
शोभा यात्रा के दौरान पारम्परिक वाद्य दल, होम गार्ड व हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इसके उपरांत नगर में स्थित तालाब में भगवान श्री वामन देव की पालकी को नौका विहार करवाया गया। उन्होंने राज्य स्तरीय मेले के अवसर पर लोगों को बधाई दी और कहा कि सराहां का यह मेला जिला सिरमौर में आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। दशकों से सारा जनपद वामन द्वादशी मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ करता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मेले के दौरान सराहां में तीन दिनों तक खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह मेला आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है जिसमें लोग खुब खरीददारी भी करते हैं। उन्होंने तीन दिवसीय मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का तथा विभिन्न विभागों तथा स्वयं सहायता समुहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारम्भ तथा अवलोकन भी किया।