मोदी के जन्मदिन पर एमसीडी मुख्यालय में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित
नई दिल्ली, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय सिविक सेंटर में गुरुवार को निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता और एमसीडी शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा के नेतृत्व में लगाया गया, जिसमें निगम कर्मचारियों, सर्विस स्टाफ और आम नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिक्षा समिति की ओर से यह मेडिकल कैंप रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों के लिए आंखों और दांतों की जांच, मैमोग्राफी, ब्लड टेस्ट तथा शुगर टेस्ट सहित कई अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जनसेवा और समाजहित के कार्यों को गति दी जा रही है। अक्सर लोग समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने में हिचकते हैं, लेकिन इस तरह के शिविर उन्हें नियमित जांच के लिए प्रेरित करते हैं। समय रहते बीमारी की पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी और सुलभ हो जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने रोटरी क्लब के सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय निकाय मिलकर कार्य करते हैं तो उसका सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है और समाज में सकारात्मक माहौल बनता है। वर्मा ने रोटरी क्लब के सदस्यों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी अभियानों को जारी रखने का आह्वान किया।
शिविर में रोटरी क्लब के सदस्य नरेन्द्र मित्तल, सुदीर मंगला, सुनील गर्ग, विवेक जैन, सुशील गुप्ता, डीपी सिंघल, नरेश गुप्ता, राजेश जैन और संजय गोयल सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
———–