News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

सामाजिक संवेदनशीलता को मजबूत करने का माध्यम है राष्ट्रीय सेवा योजना : विकास

पश्चिमी सिंहभूम, 24 सितंबर । महिला कॉलेज, चाईबासा में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य विकास कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सामाजिक सेवा का मंच नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सामुदायिक सेवा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज के जरूरतमंद वर्गों के बीच सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य विकास कुमार मिश्रा, प्राध्यापक और अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं प्रार्थना के साथ किया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी मनीषा बिरुआ ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए दिवस के महत्व और राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अर्पित सुमन ने योजना की कार्यप्रणाली और महाविद्यालय में वर्षभर संचालित होने वाली सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न गतिविधियों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसमें सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सेवा और स्वयंसेवकों की सहभागिता से जुड़े कार्यों को दिखाया गया।

एनएसएस स्वयंसेवक ललिता पिंगुवा और रितु प्रिया ने योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एनएसएस की गतिविधियों ने उन्हें सामाजिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की समझ विकसित करने का अवसर दिया।

मौके पर डॉ सुचिता बाड़ा, डॉ राजीव लोचन नमता, डॉ बबीता कुमारी, शीला समद, प्रीति देवगम, सितेंद्र रंजन सहित बीएड और स्नातक के एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद थे।

Leave a Reply