News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

बिरसा कॉलेज में स्नातक सीटें बढ़ाने के लिए राज्यपाल से मिला अभाविप

खूंटी, 23 सितंबर । रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर घटाई गई सीटों को लेकर अभाविप ने राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार से मुलाकात की।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल से मुलाकात कर विद्यार्थियों के हित में ज्ञापन सौंपा और ग्रामीण महाविद्यालयों में स्नातक की सीटें बढ़ाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बिरसा कॉलेज खूंटी में सीटों की कमी का मुद्दा उठाया। अभाविप का कहना है कि बिरसा कॉलेज आसपास के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां स्नातक में नामांकन के लिए आवेदन करते हैं। खासकर मुंडारी जैसे जनजातीय भाषा विषयों में विद्यार्थियों की रुचि और आवेदन अधिक होने के बावजूद सीमित सीटों के कारण कई विद्यार्थियों को अपनी पसंद के विषय में नामांकन का अवसर नहीं मिल पा रहा है।

प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि बिरसा कॉलेज ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या और स्थानीय आवश्यकता को देखते हुए सीटें घटाने के बजाय बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से ग्रामीण महाविद्यालयों में आवेदन की संख्या, विषयवार मांग और स्थानीय शैक्षणिक आवश्यकता का अध्ययन कर पर्याप्त सीट उपलब्ध कराने की मांग की।

अभाविप ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के कई विद्यार्थी दूर शहरों में जाकर पढ़ाई करने की स्थिति में नहीं होते। ऐसे में स्थानीय महाविद्यालयों में पर्याप्त सीट उपलब्ध होना उनके लिए महत्वपूर्ण है। संगठन ने बिरसा कॉलेज सहित रांची विश्वविद्यालय के ग्रामीण महाविद्यालयों में सीटों की समीक्षा कर तत्काल वृद्धि की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में प्रांत अध्यक्षा डॉ मौसमी पॉल, प्रांत संगठन मंत्री पशुपति नाथ उपमन्यु, प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू, अभय वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply