News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

हिमाचल में 25-26 सितंबर को बारिश के आसार, मानसून सीजन में 329 लोगों की मौत

शिमला, 20 सितंबर । हिमाचल प्रदेश में मानसून विदाई की ओर बढ़ रहा है। राज्य में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 24 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को मौसम में बदलाव आएगा और मैदानी तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इन दो दिनों के दौरान भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रही। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं से भी बारिश की रिपोर्ट नहीं है। इस बीच, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण प्रदेश में 55 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें मंडी जिले में सबसे ज्यादा 28, कांगड़ा में 10 और कुल्लू में नौ सड़कें शामिल हैं। कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में एक बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद है। प्रदेश में इस समय कोई भी पेयजल परियोजना बंद नहीं है।

इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में अब तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके विपरीत पिछले वर्ष मानसून के दौरान सामान्य से 42 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई थी। इस वर्ष कम बारिश का असर भूमिगत जल के पुनर्भरण, खेती और आने वाले सर्दियों के मौसम में पेयजल उपलब्धता पर पड़ सकता है। प्रदेश में मानसून आमतौर पर सितंबर के आखिरी सप्ताह में विदा होता है।

बारिश कम, फिर भी नुकसान का आंकड़ा बड़ा

प्रदेश में इस बार मानसून के दौरान बारिश सामान्य से कम रही है, लेकिन बारिश से जुड़ी घटनाओं में जान-माल का नुकसान बड़ा रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 329 लोगों की मौत हुई है और 567 लोग घायल हुए हैं। चार लोग अभी भी लापता हैं।

मृतकों में 196 की जान सड़क हादसों में गई है, जबकि 133 लोगों की मौत भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, डूबने, बहने, फिसलने और अन्य बारिश से जुड़ी घटनाओं में हुई है। मानसून के दौरान प्रदेश में 139 घर, 17 दुकानें और 492 पशुशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हुई हैं। 521 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

सड़कों और पुलों को हुए नुकसान से लोक निर्माण विभाग को अकेले 2744 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य में मानसून के दौरान कुल नुकसान का आंकड़ा 3217 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिन राहत के रहने के बाद 25 और 26 सितंबर को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है, हालांकि इस दौरान भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।

Leave a Reply