सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन बरामद
सिरसा, 03 सितंबर । पुलिस ने जिले क्षेत्र से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी रोहित कुमार, टोनी, धर्मपाल सिंह व बबलू के रूप में हुई है। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बस अड्डा के निकट एक युवक खड़ा था जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो टीम ने सिरसा शहर क्षेत्र से आरोपी टोनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। सिरसा यूनिट प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टोनी नशा बेचने का धंधा करता है और रानियां चुंगी क्षेत्र में नशा बेचने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा डबवाली पुलिस ने धर्मपाल सिंह को आठ ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। हेरोइन तस्कर तरसेम सिंह को भी पुलिस ने डबवाली शहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।