News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

जबलपुरः महिला से दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप, ससुराल वालों पर केस दर्ज

जबलपुर, 20 अगस्त । मध्य प्रदेश के जबलपुर में रांझी थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी में गुरुवार को विवाहिता से लंबे समय से कथित रूप से दहेज की मांग, बेटियां होने पर ताने और चरित्र पर लांछन लगाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और विरोध करने पर चेहरे पर थूक दिया। शिकायत के बाद गुरुवार को रांझी पुलिस ने पति और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के दो महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना

पुलिस के अनुसार, एकता कॉलोनी, सुभाष नगर निवासी उत्कर्ष उपाध्याय की शादी वर्ष 2011 में रीवा निवासी प्रियंका उपाध्याय से हुई थी। प्रियंका का आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद पति और ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव आ गया। छोटी-छोटी बातों को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा।

महिला ने पति उत्कर्ष उपाध्याय, ससुर राजेंद्र उपाध्याय और सास सविता उपाध्याय पर उसके चरित्र को लेकर आरोप लगाने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

प्रियंका के मुताबिक, दो बेटियां होने के बाद भी उसे लगातार ताने दिए जाते रहे।

मकान बनवाने के लिए दिए 11 लाख रुपये

महिला के मुताबिक, वर्ष 2022 में उसके मायके वालों ने मकान बनवाने के लिए ससुराल पक्ष को 11 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद प्रियंका अलग मकान में रहने लगी, लेकिन उसका आरोप है कि सास-ससुर वहां भी आकर विवाद करते रहे।

प्रियंका ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले ससुराल पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे और उसके चरित्र को लेकर फिर से आरोप लगाने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और चेहरे पर थूक दिया गया। इसके साथ ही उसकी बेटियों को घर से निकालने की धमकी देने का भी आरोप है।

घटना की जानकारी मिलने पर रीवा से महिला के मायके पक्ष के लोग जबलपुर पहुंचे।

प्रियंका का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और उन्हें घर से निकाल दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

लगातार प्रताड़ना से परेशान महिला रांझी थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply