साउथ दिल्ली पर जीत के बाद शिवी शर्मा बोलीं- हर मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना लक्ष्य
नई दिल्ली, 23 अगस्त । महिला दिल्ली प्रीमियर लीग-2026 (डीपीएल) में दूसरे मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के खिलाफ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली सलामी बल्लेबाज शिवी शर्मा ने कहा कि जब भी वह मैदान पर उतरती हैं, तो एक समय में एक मैच पर ध्यान देती हैं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में अभी कई मैच बाकी हैं और उनका लक्ष्य हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने महिला डीपीएल -2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 10 रन से हरा दिया। नॉर्थ दिल्ली की जीत में शिवी शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 54 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 71 रन की शानदार पारी खेली। अपनी बल्लेबाजी को लेकर शिवी ने कहा कि इस मैच की पारी और पिछले मैच की पारी में ज्यादा अंतर नहीं था। पिछले मैच में हम लक्ष्य का पीछा कर रहे थे, इसलिए मैंने गेंद की मेरिट के हिसाब से खेला। आज हमें लक्ष्य निर्धारित करना था, इसलिए हम जितने ज्यादा रन बना सकते थे, टीम के लिए उतना ही बेहतर था। मैं सिर्फ परिस्थितियों के अनुसार खेलना चाहती थी।
पिच के बारे में शिवि ने कहा, “विकेट काफी अच्छे हैं और निश्चित रूप से बल्लेबाजों की मदद करते हैं। चाहे हम लक्ष्य का पीछा कर रहे हों या लक्ष्य निर्धारित कर रहे हों, अगर मैं गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलती हूं तो मुझे लगता है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकती हूं।”
युवा बल्लेबाज ने क्रिकेट के प्रति अपने शुरुआती लगाव और सफर के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मुझे हमेशा से खेलों में रुचि रही है। मैं क्रिकेट और फुटबॉल समेत अलग-अलग खेल खेलती थी और काफी गली क्रिकेट भी खेला करती थी। मैं लड़कों के साथ फुटबॉल भी खेलती थी। मेरे खेल शिक्षक अक्सर मुझसे कहते थे कि जिस खेल में रुचि हो, उसकी अकादमी ज्वाइन कर लेनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा, “बाद में जब मैंने स्कूल बदला, तो इंटर-हाउस प्रतियोगिता में लड़कियों का क्रिकेट मैच हुआ। मैंने कुछ छक्के लगाए और मेरे खेल शिक्षकों ने फिर मुझे क्रिकेट अकादमी ज्वाइन करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुझे पहले से ही खेलों में रुचि थी और जब मैंने क्रिकेट को गंभीरता से खेलना शुरू किया तो यह रुचि और बढ़ गई। इसी तरह मैं आज यहां तक पहुंची हूं।”
मैच की बात करें, तो नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 141 रन बनाए। शिवी शर्मा ने 54 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए, जबकि उपासना यादव ने 42 गेंदों पर 43 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान आयुषी सोनी ने 17 रन का योगदान दिया।
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में निशिका सिंह तीन गेंदों पर खाता खोले बिना आउट हो गईं। इसके बाद प्रिया पुनिया और तनीष्का सिंह ने 36 रन की साझेदारी की, लेकिन पुनिया 10 रन बनाकर आउट हो गईं। तनीष्का सिंह ने 44 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 46 रन की जुझारू पारी खेली। उन्होंने कप्तान श्वेता सहरावत के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। सहरावत ने 23 गेंदों पर 27 रन बनाए। तनिषा सिंह 19 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि दिशा नागर ने छह गेंदों पर नाबाद नौ रन बनाए। इसके बावजूद साउथ दिल्ली की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन ही बना सकी।