News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

पलवल: मां की हत्या का बदला लेने को जमानत पर आए आरोपी की हत्या

पलवल, 23 अगस्त । शहर के जवाहर नगर कैंप में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते जमानत पर बाहर आए 52 वर्षीय अधेड़ की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी दुष्यंत उर्फ देवा खुद कैंप थाना पहुंचा और थाना प्रभारी की मेज पर देसी कट्टा तथा तीन जिंदा कारतूस रखकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए सुरेश की हत्या की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मां की मौत के बाद उसने उनकी चिता पर ही खून के बदले खून लेने की कसम खाई थी। मां की मौत को हर दिन और हर समय याद रखने के लिए उसने उनकी फोटो भी बनवाकर अपने पास रखी थी।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि जवाहर नगर कैंप निवासी सुरेश उर्फ दलीप शनिवार देर रात अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा अपने साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उस पर गोली चला दी गई। गंभीर रूप से घायल सुरेश को उसकी पत्नी सुवीना और पड़ोसियों की मदद से ई-रिक्शा में जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।वारदात के कुछ देर बाद दुष्यंत सीधे कैंप थाना पहुंच गया। उसने थाना प्रभारी के सामने देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस रखकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सूचना मिलने पर सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी बरामद किए गए।पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने बताया कि वर्ष 2023 में गली में स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर उसकी मां का सुरेश के साथ विवाद हुआ था। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान सुरेश ने उसकी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मां की मौत के बाद उसने बदला लेने की ठान ली। आरोपी ने बताया कि मां की चिता पर उसने खून के बदले खून लेने की कसम खाई थी। मां की मौत को कभी न भूलने के लिए उसने उनकी फोटो भी बनवाई और उसे अपने पास रखा।परिजनों के अनुसार, सुरेश एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब पांच महीने पहले पत्नी की बीमारी के चलते जमानत पर बाहर आया था। उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और लंबे समय से बीमार चल रही है। जमानत के बाद सुरेश पत्नी की देखभाल कर रहा था। मृतक की पत्नी सुवीना ने आरोप लगाया कि पांच युवक और दो महिलाओं ने उसके पति पर चाकुओं से हमला किया। हमलावरों ने उसे और उसके पोता-पोती को भी छत से नीचे फेंकने की कोशिश की। उसका आरोप है कि हमले के बाद पति की सांसें चल रही थीं और उसने पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन उसे इंतजार करने के लिए कहा गया।थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुमित कर रहे हैं। मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply