स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की- केपी मलिक
बागपत, 15 अगस्त । बागपत में आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा बागपत देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यमंत्री केपी मलिक और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राज्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के बीच स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राज्यमंत्री और जिलाधिकारी ने अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्वतंत्रता सेनानी के परिजन जग्गो देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक बताते हुए कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का संदेश दिया। उधर, पुलिस लाइन में एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को मिठाई बांटकर शुभकामनाएं दी गईं। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दिलाया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत यातायात पुलिस को मिली दो नई रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों का शुभारंभ किया गया। एसपी और एएसपी ने इन बाइकों पर सवार होकर पुलिस लाइन से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे होते हुए राष्ट्र वंदना चौक तक तिरंगा बाइक रैली निकाली। रैली में लोगों को राष्ट्रीय एकता और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।