जींद : सरकार का मूल उद्देश्य अंत्योदय की भावना के साथ प्रत्येक पात्र योजनाओं का लाभ पहुंचे : डिप्टी स्पीकर
जींद, 28 अगस्त । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि नायब सरकार का मूल उद्देश्य अंत्योदय की भावना के साथ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार द्वारा योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखते हुए उनका लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए धरातल पर लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा शुक्रवार को अपने निवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याएं एवं शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को डा. कृष्ण लाल मिड्ढा के समक्ष रखा।
उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, शिक्षा, सफाईए पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं मांगों को सामने रखा।
डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डा. मिड्ढा ने कहा कि सरकार द्वारा जरूरतमंद, किसान, श्रमिक, महिला, युवा, बुजुर्ग तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन को सुगम बनाना और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त करना है।