सागर में फर्जी शादी कर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ सहित तीन गिरफ्तार
सागर, 01 अगस्त । मध्य प्रदेश के सागर जिले की जैसीनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नगदी, चांदी की पायल और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है। मामले में दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम महुआखेड़ा पैगवार निवासी नोनीराम पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने विवाह कराने का भरोसा दिलाकर उनकी शादी रुकमणी चतुर्वेदी नामक महिला से कराई। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद महिला घर से सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई। शिकायत के आधार पर जैसीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के जकराना निवासी अरविंद विभार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कथित रूप से अपने साथियों के साथ मिलकर शादी के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रुकमणी चतुर्वेदी और वारदात में प्रयुक्त कार के चालक सोनू अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद, करीब 20 हजार 700 रुपये मूल्य की चांदी की पायल तथा वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपितों अरविंद विभार, रुकमणी चतुर्वेदी और सोनू अहिरवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में बिलासपुर (छत्तीसगढ़) निवासी ममता चतुर्वेदी तथा जीन्स नूर उर्फ सगीता की गिरफ्तारी अभी शेष है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।