News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

लोक शिकायत निवारण शिविर में बनाए गए प्रमाण-पत्र

खूंटी , 03 अगस्त । राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के अंचल कार्यालय कर्रा की ओर से सोमवार को उड़ीकेल पंचायत भवन में लोक शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की राजस्व एवं प्रमाण-पत्र संबंधी समस्याओं का पंचायत स्तर पर त्वरित समाधान करना था।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। इस दौरान जाति, आवासीय, आय तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रमाण-पत्र जारी किए गए।

साथ ही राजस्व संग्रह का कार्य भी किया गया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र आवेदकों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में आवेदन करने में सुविधा मिलेगी।

अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना के नेतृत्व में अंचल निरीक्षक और राजस्व कर्मचारियों ने शिविर का संचालन किया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने बताया कि 04 अगस्त को जुरदाग, 05 अगस्त को बक्सपुर, 06 अगस्त को छाता और 07 अगस्त को लिमड़ा पंचायत भवन में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईन्द, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग, मुखिया क्षत्री हेमरोम, उपप्रमुख सावित्री देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply