खेत से लौट रही महिला को सांप ने काटा, इलाज के दौरान मौत
धनबाद, 20 अगस्त । बोकारो जिले की रहने वाली 65 वर्षीय महिला विधि देवी की सांप के काटने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह खेत से घर लौटने के दौरान सांप ने उनके पैर में काट लिया। घटना का तत्काल पता नहीं चलने के कारण इलाज में देरी हुई और बाद में उनकी हालत गंभीर हो गई।
परिजनों के अनुसार, विधि देवी गुरुवार सुबह खेत गई थीं। खेत के आसपास जंगल का इलाका है। वहां से घर लौटने के दौरान सांप ने उनके पैर में काट लिया, लेकिन उन्हें तत्काल इसका एहसास नहीं हुआ। उन्होंने इसे लकड़ी या किसी अन्य चीज से लगी चोट समझा।
घर पहुंचने से पहले ही वह बेहोश होकर गिर गईं। परिजनों ने उन्हें उठाया तो पैर में सांप के काटने का निशान मिला। कुछ देर बाद उनके पैर में तेज दर्द और सूजन होने लगी।
इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में भी हालत गंभीर रहने पर चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें लेकर एसएनएमएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
परिजनों का कहना है कि यदि सांप के काटने की जानकारी समय पर मिल जाती और तत्काल उपचार शुरू हो जाता तो शायद विधि देवी की जान बचाई जा सकती थी।
————
