News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

बाबा आम्रेश्वर धाम में श्रावणी महोत्सव का समापन, पूर्णिमा मेले में उमड़ा भक्तों का सैलाब

खूंटी , 28 अगस्त । बाबा आम्रेश्वर धाम, अंगराबारी में श्रावणी महोत्सव का समापन शुक्रवार को सावन पूर्णिमा के पारंपरिक मेले के साथ हो गया। पूर्णिमा के अवसर पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और श्रावणी मेले का आनंद लेने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे।

शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहने के कारण बाबा आम्रेश्वर धाम स्थित पवित्र स्वयंभू शिवलिंग पर जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज से अंगराबारी पहुंचे भक्तों ने बाबा आम्रेश्वर के पवित्र शिवलिंग का पूजन-दर्शन किया और श्रावणी मेले का आनंद उठाया।

सुबह से शाम तक चले सावन पूर्णिमा के इस पारंपरिक मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मेले में डिज्नीलैंड, इलेक्ट्रिक झूला, टावर झूला सहित मनोरंजन के विभिन्न साधनों का बच्चों और युवाओं ने भरपूर आनंद उठाया। परिसर में प्रसाद, खिलौने, श्रृंगार सामग्री और अन्य वस्तुओं की सैकड़ों दुकानें सजी थीं, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की।

मेले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती पूरे मेला परिसर में की गई थी।

वहीं, जगह-जगह लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी मेला परिसर की निगरानी की जा रही थी। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस सहायता केंद्र एवं खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए गए थे।

इधर, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सूचना सहायता केंद्र-सह-प्रदर्शनी शिविर लगाकर लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई।

इस बीच, पिछले बुधवार से धाम परिसर में शुरू हुआ 48 घंटे का अखंड हरि कीर्तन भी शुक्रवार की शाम संपन्न हो गया। अखंड हरि कीर्तन के समापन और पूर्णाहुति के बाद शुद्ध घी से निर्मित प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। इसके साथ ही बाबा आम्रेश्वर धाम में आयोजित श्रावणी महोत्सव का भक्तिमय वातावरण में विधिवत समापन हो गया।

Leave a Reply