News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

अमृत सरोवरों के तट पर मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले में स्वतंत्रता दिवस 2026 को प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ विशेष रूप से मनाया गया। शासन के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के दौरान अमृत सरोवर स्थलों पर ध्वजारोहण के साथ पौधारोपण, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान किया गया। ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व की जानकारी देते हुए वर्षा जल को सहेजने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्यों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण तथा गांवों के समग्र विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा गांव के विकास के साथ-साथ जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह में देशभक्ति गीत, तिरंगा यात्रा, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

Leave a Reply