डीपीएल 2026: साउथ दिल्ली की रोमांचक जीत, नॉर्थ दिल्ली को 4 विकेट से हराया
नई दिल्ली, 19 अगस्त । साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को रोमांचक अंदाज में चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ साउथ दिल्ली की टीम ने दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने कप्तान सार्थक रंजन और यश डबास की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
सार्थक ने 23 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि यश डबास ने 38 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर नॉर्थ दिल्ली को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 107 रन की बड़ी साझेदारी की।
सार्थक के आउट होने के बाद नॉर्थ दिल्ली ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि, अर्जुन रापड़िया ने 11 गेंदों पर तेज 27 रन बनाकर पारी को गति दी और अपनी टीम को 200 रनों के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
साउथ दिल्ली की ओर से दिवांश रावत सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अंकित डबास और अंशुमन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 50 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान आयुष बडोनी ने मोर्चा संभाला और तेजस्वी दहिया के साथ पारी को आगे बढ़ाया। तेजस्वी ने 19 गेंदों पर 28 रन का उपयोगी योगदान दिया।
साउथ दिल्ली ने इसके बाद कुछ और विकेट गंवाए लेकिन बडोनी ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 47 गेंदों पर 90 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।