भाजपा ने विधानसभा में राष्ट्रगान का अपमान कर देश का किया अपमान : विनय कुमार
शिमला, 21 अगस्त । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने विधानसभा के भीतर भाजपा विधायकों के आचरण की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा ने राष्ट्रगान का अपमान कर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे देश के सम्मान से अधिक अपनी राजनीतिक विचारधारा और एजेंडे की चिंता है।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा देश के इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर कट्टरपंथी ताकतों को बढ़ावा दिया जा रहा है और संविधान को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि ध्रुवीकरण की राजनीति के जरिए भाजपा देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने पर तुली हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले में देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है और आने वाले समय में उसे इसका राजनीतिक परिणाम भुगतना पड़ेगा।
जिला मुख्यालयों पर होगा विरोध प्रदर्शन
प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देश पर सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को 22 अगस्त को अपने-अपने जिलों में भाजपा के कथित आचरण के विरोध में रोष प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।