पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत
देहरादून, 23 जुलाई । उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छात्र हित में नकल और पेपर लीक के मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा का स्वागत किया है। पार्टी का कहना है कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा भाजपा सरकारों की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन का निर्णय महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विपक्ष पर मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े विषयों पर राजनीति के बजाय समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 लागू किया है। इसके तहत पेपर लीक, नकल, सॉल्वर गैंग और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के दुरुपयोग जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
खजान दास ने कहा कि केंद्र सरकार संबंधित राज्यों और उच्च न्यायालयों से विशेष फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन को लेकर समन्वय कर रही है, ताकि परीक्षा से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में नीट जैसे विषयों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष समस्या के समाधान के बजाय राजनीतिक मुद्दा बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नकल विरोधी कानून लागू कर नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में सरकारी नियुक्तियां बिना अनियमितता के संपन्न हुई हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में सामने आए परीक्षा संबंधी मामले में भी सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेवा से हटाया है और नियमानुसार कदम उठाए जा रहे हैं। भाजपा युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी मौजूद रहे।